गुमशुदा बालक की तलाश के दौरान जंगल में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
अजय जैन, 8319500637
करंजिया। थाना करंजिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरेरा से लापता हुए 5 वर्षीय बालक का शव तीन दिन बाद जंगल क्षेत्र में मिलने से इलाके में शोक और चिंता का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम तरेरा निवासी इमरान खान (पिता– इक्तियार खान), उम्र लगभग 5 वर्ष 10 माह, 17 जून 2026 की सुबह करीब 8 बजे घर से अचानक कहीं चला गया था। इसके बाद परिजनों ने गांव, आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
मामले की सूचना थाना करंजिया में दिए जाने पर पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 15/2026 एवं अपराध क्रमांक 134/2026 के तहत धारा 137(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस और परिजन लगातार बालक की तलाश में जुटे हुए थे।
लापता होने के समय बालक ने हरे रंग की टी-शर्ट, ग्रे रंग की पैंट और लाल रंग की चप्पल पहन रखी थी। बालक का कद लगभग 3 फीट, रंग गोरा, चेहरा गोल, बाल छोटे एवं सुनहरे तथा आंखें भूरी बताई गई थीं।
तलाश अभियान के दौरान तीन दिन बाद जंगल क्षेत्र में एक बालक का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान परिजनों द्वारा कपड़ों के आधार पर इमरान खान के रूप में की गई।
थाना प्रभारी श्याम सुंदर उसराठे ने बताया पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, मामले की जांच जारी है।


