प्रदेश

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत को शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है: केन्द्रीय राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, मंत्री कुलस्ते ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया

डिण्डौरी। केन्द्रीय इस्पात एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व. श्री अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई में पोखरण, राजस्थान में सफल परमाणु परीक्षण कर भारत देश को एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित किया गया है। इससे भारतीय सेना में विश्व में परमाणु अस्त्रों की बढती चुनौतियों का सामना करने के लिए सामरिक क्षमता विकसित हुई। केन्द्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा के अनावरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर पूर्व केबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम, नगर पंचायत उपाध्यक्ष महेश पाराशर, जिला भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत, पूर्व जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. सुनील जैन, राजेन्द्र पाठक, अशोक अवधिया, अवधराज बिलैया सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जगन्नाथ सिंह मरकाम, एसडीएम बलवीर रमण सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने हमेशा जन कल्याण के कार्य किये हैं। उन्होंने समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक शासन की योजनाओं को पहुंचाया है। पं. श्यामाप्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया है। केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी कहते थे कि भारत को अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए कोई नहीं रोक सकता है। भारत देश शक्ति संपन्न बनकर विश्व का नेतृत्व करेगा, यही हमारा उद्देश्य है।
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन कल्याणकारी योजनाओं से देश की आर्थिक स्थिति में सुधार आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रत्येक गरीब परिवार के लिए पक्के मकान बनाये जा रहे हैं। प्रधानमंत्री सड़क योजना से गांव-गांव और मजरे टोलों को मुख्य सड़कों से जोड़ा गया है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के अंतर्गत गरीब परिवारों को निःशुल्क गैस चूल्हा का वितरण किया गया है। अटल ज्योति योजना के तहत गांव-गांव और घर-घर तक बिजली पहुंचाया गया है। उन्होंने शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
केन्द्रीय राज्यमंत्री श्री कुलस्ते ने कहा कि नगर पंचायत डिंडौरी के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए विभिन्न कार्य किये गए हैं। सभी वार्डों में सीसी रोड का निर्माण और डामरीकरण कर आवागमन सुविधा बेहतर बनाया गया है। नर्मदा नदी के सौंदर्यीकरण का कार्य किया गया है। उन्होंने नगर पंचायत डिंडौरी को साफ-सुथरा शहर बताया। नगर में नागरिकों को सुकून के पल बिताने के लिए गार्डन और बैठक स्थल बनाये गए हैं। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत डिंडौरी की आय बढाने के लिए मार्केट का निर्माण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास से हितग्राहियों को लाभांवित किया जा रहा है। डिंडौरी जिले में महापुरूषों की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो शहर की सौंदर्यता को बढाती है। आयोजित कार्यक्रम को पूर्व केबिनेट मंत्री ओमप्रकाश धुर्वे, नगर पंचायत अध्यक्ष पंकज सिंह तेकाम और जिला भाजपा अध्यक्ष नरेन्द्र राजपूत ने भी संबोधित किया।

lokvichar

मीडिया भारत का महत्वपूर्ण अंग है,लोकविचार इस अंग को और मजबूत बनाने के लिए सच को लेकर काम करता है हमारा उद्देश्य आप तक सिर्फ सच को समय पर पहुचाना है हम निडर और निष्पक्ष होकर काम करने मे विश्वास करते है लोकविचार आमजन की समस्याओं को समाज के बीच रखता है-लोकविचार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button