कल से पटवारी रहेंगे सामूहिक अवकाश पर, लंबित मांगों के पूरा नहीं होने से हैं नाराज..डगमगा जाएगी राजस्व व्यवस्था

डिंडोरी।लंबे समय से लंबित अपनी मांगों के पूरा नहीं होने से नाराज पटवारी कल बुधवार से सामूहिक अवकाश पर रहेंगे,इस बाबद पटवारी संघ ने तहसीलदार को सूचना पत्र सौंप दिया है।राजस्व विभाग की रीढ़ की हड्डी कहे जाने वाले पटवारियों के सामूहिक अवकाश पर जाने से राजस्व के साथ प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्था भी प्रभावित होने की आशंका है।गौरतलब है कि मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल के बैनर तले पटवारियों ने मांगों को लेकर 18 अगस्त को ज्ञापन सौंपा था।जिसमे पटवारी संघ ने वेतनमान पे ग्रेड 2800 करने, प्रदेश के पटवारियों को समयमान वेतन दिये जाने,राजस्व निरीक्षक पद पर पदोन्नति दिये जाने की मांग की गई थी।
इसके साथ ही भत्तो में बढोत्तरी जैसे अतिरिक्त हल्के का भत्ता 10000 रुपये, यात्रा भत्ता 3000 रुपये अन्य विभागों के कार्य हेतु भत्ता 5000 रुपये मोबाइल एवं डाटा भत्ता 1000 रुपये एवं कार्यालय भत्ता 2000 रुपये की माँग महंगाई के अनुसार की गयी है।
ज्ञापन के माध्यम से पटवारी संघ ने आवश्यक संशाधनों की उपलब्धता कराने हेतु निवेदन करते हुये बतलाया है कि पटवारियों द्वारा पी.एम. किसान, सी.एम. किसान, स्वामित्व योजना, मुख्यमंत्री आवासीय भू अधिकार योजना, धारणाधिकार, गिरदावरी,फसल कटाई प्रयोग का कार्य सारा एप पर उनके निजी मोबाईल से किया जा रहा हैं।जिसके लिये अपडेटेड मोबाईल की मांग की गई हैं,लेकिन उक्त संबंध में संसाधन उपलब्ध कराने हेतु कोई कार्यवाही नहीं की गई।पटवारी संघ ने मुख्यमंत्री से मांगों के 21 अगस्त तक समाधान की अपील भी की थी।
लेकिन नियत दिनाँक तक मांग पूरी नहीं होने की दशा में मध्यप्रदेश पटवारी संघ भोपाल के प्रांतीय आव्हान पर पटवारियों ने बुधवार से सामूहिक अवकाश का निर्णय ले लिया है।