मुलाकात:-शहपुरा विधायक भूपेंद्र मरावी एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने कमलनाथ से की मुलाकात

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को नववर्ष की शुभकामनाएं देकर डिंडोरी जिले की समस्याओं से अवगत कराया
डिण्डौरी। मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष अध्यक्ष मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी कमलनाथ से भोपाल निवास में मुलाकात कर ,शहपुरा विधानसभा क्षेत्र विधायक भूपेंद्र मरावी, एवं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने नववर्ष की शुभकामना देकर डिंडोरी जिले की समस्याओं से अवगत कराया। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने बताया कि हमने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को बतलाया कि हमारे जिले में किसान अपनी धान की फसल को बेचने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित हो रहा है, सर्वेयर के द्वारा किसानों की धान को अमानक बताकर निरस्त किया जा रहा है, धान खरीदी केंद्रों में भी धान तुलाई मे भारी अंतर किसानों के सामने आया है। धान केंद्रों में धान तुलाई कहीं 40 किलो 800 ग्राम, कहीं पर 41 किलो 200 ग्राम, और कहीं पर 41 किलो 600 ग्राम की प्रति कट्टी तुलाई की जा रही है इससे किसानों को आर्थिक रूप से भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। डिंडोरी जिले में बिजली के बिल अनाप-शनाप आ रहे हैं, अघोषित बिजली कटौती जिले की बहुत बड़ी समस्या बन चुकी है ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली लगभग न के बराबर रहती है। जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाएं लचर हो चुकी हैं आम नागरिक एवं ग्रामीण क्षेत्र का निवासी स्वास्थ सुविधाओं के लिए भटकता एवं परेशान दिखाई देता है। डिंडोरी जिले में अवैध खनिज उत्खनन ने पैर पसार रखे हैं, मां नर्मदा जी से भी भारी मात्रा में अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा है, जिले मे पर्यावरण के लिए अवैध खनिज उत्खनन एक बड़ी समस्या के रूप में सामने आया है। जिले की व्याप्त समस्याओं के समाधान के लिए शीघ्र कार्यवाही कराने का आश्वासन मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिया है।