तेंदुआ, पेंगोलीन शिकार गिरोह में चार जिले से 16 आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल / अंधविश्वास के कारण तेेंदुआ व पेंगोलीन का हो रहा शिकार

डिण्डौरी। जबलपुर स्थित विशेष टाइगर स्ट्राइक फोर्स न्यायालय में 4 जिले के 16 आरोपियों को पेश कर जेल भेजा गया। गिरफ्तार किए गए इन आरोपियों में उमरिया से 4, डिंडोरी से 8, जबलपुर से 2 व कटनी से 2 आरोपी शामिल हैं। आरोपियों द्वारा बीते कुछ दिनों के दौरान अलग-अलग मामलों में तेंदुआ व पेंगोलीन का शिकार किया गया। आरोपियों को टाइगर स्ट्राइक फोर्स, वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो और स्पेशल टॉस्क फोर्स द्वारा अभियान चलाकर पकड़ा गया। वन विभाग के टीम के सदस्यों का कहना है कि आरोपियों द्वारा अंधविश्वास के कारण इन वन्यप्राणियों का शिकार किया गया। ये लोग तंत्र-मंत्र और जादू टोना पर विश्वास करने लोगों को इन वन्यप्राणियों के अवयव को बेचा करते थे। आरोपियों ने तेंदुआ का शिकार बिजली की तार से करंट लगाकर किया गया था। आरोपियों के पास से तेंदुए की चार खाल, पेंगोलीन के स्केल्स लगभग 20 किलोग्राम सहित शिकार के दौरान उपयोग में लाया गया दो नग दोपहिया वाहन व दो नग चारपहिया वाहन जब्त किया गया है। आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की धारा पर अपराध पंजीबद्ध कर न्यायालय जबलपुर में पेश कर रिमांड में लेकर पूछताछ करने पर गिरोह का पर्दाफाश हुआ। जिसके बाद आगे की कार्रवाई कर सभी आरोपियों को जेल भेजा गया।



