प्रदेश
सुन्दरपुर के ग्राम पंचायत भवन में ठेकेदार के कार्मिकों ने डाल रखा है डेरा

पप्पू पड़वार
समनापुर- समनापुर जनपद अन्तर्गत सुन्दरपुर पंचायत में करीब एक महीने से पंचायत के कार्मिकों ने नहीं, बल्कि नलजल योजना का कार्य करने वाले ठेकेदार के कार्मिकों ने डेरा डाल रखा है। पंचायत स्तरीय समस्याओं को लेकर पंचायत मुख्यालय पहुंचने वाले गांवों के ग्रामीणों को यहां ना तो पंचायत के कार्मिक नजर आते हैं और ना ही जनप्रतिनिधि। वहीं यहां रहने वाले ठेकेदार के कार्मिकों से जब सरपंच व सचिव के बारे में पूछा जाता है तो जवाब मिलाता है कि वो घर पर हैं और यहां सरपंच से पूछकर कुछ दिनों से लिए ठहरे हुए हैं। इधर, पंचायत के जवाबदारों का इस बारे में कहना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी तक नहीं है। जबकि हकीकत में सुन्दरपुर ग्राम पंचायत भवन में ठेकेदार के कार्मिकों ने लम्बे समय से डेरा डाल रखा है। और तो और पंचायत भवन में ठेकेदार का सामान भी भर रखा है। इसके बावजूद पंचायत के कर्मचारियों व अधिकारी इससे अनभिज्ञ बन रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले एक माह से ग्राम पंचायत के भवन में ठेकेदार ने कब्जा कर रखा है और पंचायत भवन में ठेकेदार के संसाधन रखे हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि इस सम्बंध में अधिकारियों को भी अवगत करवाया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
कमरा नहीं, कार्यालय ही दे दिया
ग्राम पंचायत की ओर से ठेकेदार को पंचायत के अन्य कमरे नहीं होने के चलते, कार्यालय रहने के लिए दिया गया है। यहां ठेकेदार के करीब दो दर्जन से अधिक मजदूर अभी भी रह रहे हैं। इसके बावजूद पंचायतीराज के अधिकारी इस मामले से पल्ला झाड़ रहे हैं। गौरतलब है कि यहां लगे पंचायत कर्मी घर में ही रहते हैं। ऐसे में पंचायत भवन ठेकेदार के हवाले ही कर रखा है।
इनका कहना है
ग्राम पंचायत के भवनों को भी किसी एजेंसी को नहीं दिया जा रहा है। अगर ठेकेदार पंचायत कार्यालय को काम में ले रहा है तो मौके पर जाकर मामले की जानकारी ली जाएगी। साथ ही भवन को खाली करवाया जाएगा।
पवित्र राम टांडिया जनपद सीईओ समनापुर