प्रदेश

छूट मिलते ही मास्क-दो गज की दूरी भूले

छूट मिलते ही मास्क-दो गज की दूरी भूले…

लोकविचार-आपका विश्वास,हमारा साथ 9893676527, 7566178324


पप्पू पड़वार
समनापुर। वैश्विक महामारी कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या में कमी आने के बाद अनलॉक होते ही लोगों की लापरवाही बढ़ गई है। लोग बेवजह घरों से निकलने लगे हैं और सही तरीके से मास्क लगाना व दो गज की दूरी सहित कोरोना प्रोटोकाल को ही भूल गए हैं। डर है कि कहीं यही लापरवाही फिर से सेहत पर भारी न पड़ जाए।
कोरोना कर्फ्यू में लोग घरों में रहे और जरूरी काम के लिए बाहर निकले तो एहतियात बरती। संक्रमण जिस तेजी से फैल रहा था तो लोगों में डर भी था। अब अनलॉक में हर जगह लापरवाही का आलम है। लोगों को लग रहा है कि अब कोरोना नहीं है, शासन ने अनलॉक करके व्यवस्था को पटरी पर लाने की कोशिश की है। सभी कार्यालयों में कामकाज शुरू होने के साथ बाजार भी नियमित रूप से खुलने लगे। होटल, रेस्टोरेंट व अन्य संस्थान भी अब पूर्णरूप से खुल चुके हैं। बाजार जैसे ही अनलॉक हुआ तो लोगों की लापरवाही भी सामने आने लगी है। बाजार, बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लोग कोरोना गाइड लाइन के विपरीत ही चल रहे हैं।
शुक्रवार को बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीददारी करने पहुंचे थे। इनमें से कुछ तो मास्क लगाए दिखे पर अधिकांश बगैर मास्क के या फिर मास्क को ठोढ़ी पर लटकाए हुए थे। लोगों को दो गज की दूरी का ख्याल नहीं था। न कोई दुकानदार मास्क लगाना जरूरी समझ रहा है, वहीं मास्क व शारीरिक दूरी बरतने की बात तो दूर लोग काफी करीब होकर बिना मास्क लगाए ही बात करते दिखे। सही मायने में लोग लापरवाही की हदें पार करने लगे हैं। कोरोना गाइड लाइन का पालन करने का किसी को जरा भी ध्यान नहीं है। जिससे कोरोना का संक्रमण फिर से बढ़ने के आशंका साफ नजर आने लगी है। लापरवाही यूं ही चलती रही तो कोरोना संक्रमण फिर से फैलने का खतरा नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है। सही मायने में कोरोना वायरस भी हमारी लापरवाही का इंतजार कर रहा है।

पुलिस को देखते ही लगा लेते हैं मास्क

प्रशासन द्वारा किल कोराना अभियान के तहत लोगों को सचेत भी किया गया था कि वे कोरोना महामारी को लेकर सरकार द्वारा जो हिदायतें जारी की गई हैं उनका पालन करें। मगर धीरे-धीरे लोग इस बारे में लापरवाही बरतने लगे हैं। सड़क पर निकलने वालों को चेकिंग प्वाइंट पर जब पुलिस दिखाई देती है तो बाइक व कार सवार चेकिंग प्वाइंट पार करने के दौरान जरूर मास्क लगा लेते हैं। यानी वे अपनी सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि वे पुलिस की जांच व जुर्माने से बचने के लिए ही मास्क लगा रहे हैं। हालांकि इक्का-दुक्का पुलिस वाले भी अब मास्क लगाए दिखाई दे रहे हैं। लोगों व मजदूरों को बड़ी संख्या में ट्रैक्टर ट्रालियों, बसों व अन्य वाहनों में भीड़ के रूप में बिना मास्क के यात्रा करते दिखाई दे रहे हैं। शासकीय कार्यालयों में भी लापरवाही का आलम है।

वर्जन–
कोरोना की दूसरी लहर ने हा-हाकार मचाया और अब संक्रमण कमजोर पड़ गया है। जिससे लापरवाही हद से ज्यादा बढ़ गई है। लोग इस बात का ध्यान रखें कि कोरोना वायरस एक तरह से घात लगाकर हमला करता है। संक्रमण फैलने के बाद हमें गलती का अहसास होगा। अभी समय है कि हम समझदारी से वैक्सीन खुद लगवाएं और दूसरों को भी जागरूक करें। वैक्सीन की दोनों डोज लगने के बाद शरीर में प्रतिरोधक क्षमता बढ़ जाती है।डा. चन्द्रशेखर ध्रुव,बीएमओ समनापुर

कोरोना केस कम होने के बाद अब अनलॉक होने से लोगों की लापरवाही काफी बढ़ गई है। काफी लोग मास्क नहीं लगा रहे हैं, अधिकांश लोग मास्क मुंह से नीचे रखते हैं। कोरोना से वैक्सीन और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है। वैक्सीन लगवाने के बाद भी एहतियात बरतनी है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर रखने के लिए खानपान में फलों, हरी सब्जियों का सेवन, नियमित रूप से व्यायाम-योग करें।डॉ.जयश्री मरावी,सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र समनापुर
सरकार और स्थानीय प्रशासन द्वारा लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। जनता लापरवाही बरतेगी तो हम इस कोराना महामारी से कैसे निपटेंगे, इसलिए सभी को कोराना गाइडलाइन का पालन करना चाहिए।उमाशंकर यादव
थाना प्रभारी समनापुर

lokvichar

मीडिया भारत का महत्वपूर्ण अंग है,लोकविचार इस अंग को और मजबूत बनाने के लिए सच को लेकर काम करता है हमारा उद्देश्य आप तक सिर्फ सच को समय पर पहुचाना है हम निडर और निष्पक्ष होकर काम करने मे विश्वास करते है लोकविचार आमजन की समस्याओं को समाज के बीच रखता है-लोकविचार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button