डिण्डौरी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशन व प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिण्डौरी नीना आशापुरे के मार्गदर्शन में जिला न्यायालय डिण्डौरी एवं तहसील न्यायालय शहपुरा में दिनांक 12 मार्च 2022 को इस वर्ष की प्रथम नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। नेशनल लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित पारिवारिक विवाद, मोटरयान दुर्घटना दावा, चैक अनादरण एवं विभिन्न राजीनामा योग्य आपराधिक व दीवानी प्रकरण आपसी समझौते व सुलह के आधार पर निराकृत हुए, लोक अदालत में बैंकों की ऋण वसूली, विद्युत एवं दूरभाष बिल बकाया एवं नगर पालिका के संपत्ति व जल कर से संबंधित मुकदमा पूर्व प्रकरणों का निराकरण भी उभय पक्षों की सहमति से हुआ। लोक अदालत में आपसी सहमति के आधार पर बहुत से दम्पत्तियों के बीच दाम्पत्तिक विवादों का आपसी सुलह के आधार पर समाधान हुआ जिससे वे साथ में रहने राजी-खुशी अपने घर लौटे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रवीण पटेल द्वारा बताया गया कि लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों में लंबित 18 राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, 06 दीवानी प्रकरण, 25 वैवाहिक प्रकरण, एनआईएक्ट (चैक बाउन्स) के 08 प्रकरण, लंबित विद्युत के 03 प्रकरण, मोटर दुर्घटना क्षतिपूर्ति दावा प्रकरणों में 10 प्रकरणों का निराकरण एवं अन्य 9 प्रकरणों निराकृत हुए। इस प्रकार कुल 79 न्यायालयों में लंबित प्रकरण निराकृत हुए। मोटर दुर्घटना दावा प्रकरणों में 15 लाख रूपये के अवार्ड पारित हुए एवं चैक अनादरण से संबंधित प्रकरणों में पक्षकारों के मध्य 6 लाख 85 हजार रूपये, विद्युत के प्रकरण में 14717/-रू. का अवार्ड पारित हुआ। अतः कुल न्यायालय में लंबित प्रकरणों में सेटलमेंट के दौरान कुल 2199717/- रू. की राशि का अवार्ड पारित हुआ। प्रिलिटिगेशन प्रकरणों की श्रेणी में कुल 101 प्रकरण निराकृत हुए जिसमें 2338451 की राशि प्राप्त हुई। इस प्रकार एक सफल लोक अदालत का आयोजन हुआ जिसके परिणाम स्वरूप लगभग 331 पक्षकार लाभान्वित हुए। उक्त सफल लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिण्डौरी नीना आशापुरे द्वारा गांधी जी के छायाचित्र पर मार्ल्यापण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय एस.के. चौबे, अभिभाषक संघ के अध्यक्ष रेवा पाण्डे, प्रथम जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश हिदायत उल्ला खान, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिण्डौरी के सचिव प्रवीण पटेल, तृतीय जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्रीमती कविता इवनाती, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुनील अहिरवार, न्यायिक मजिस्टेªट प्रथम श्रेणी श्रीमती रिजवाना कौशर, न्यायिक मजिस्टेªट प्रथम श्रेणी सुधि रंजन बागरी, अधिवक्तागण, सामाजिक कार्यकर्ता, न्यायालयीन व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण डिण्डौरी के कर्मचारीगण, पक्षकारगण, विद्युत विभाग, नगरपालिका विभाग, एवं समस्त बैंक आदि के अधिकारीगण/कर्मचारीगण उपस्थित रहें। उक्त लोक अदालत की सफलता में सभी न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, पक्षकारगण, अन्य विभागों के अधिकारीगण एवं उनमें कार्यरत अन्य सभी शासकीय सेवकों एवं प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
मीडिया भारत का महत्वपूर्ण अंग है,लोकविचार इस अंग को और मजबूत बनाने के लिए सच को लेकर काम करता है हमारा उद्देश्य आप तक सिर्फ सच को समय पर पहुचाना है हम निडर और निष्पक्ष होकर काम करने मे विश्वास करते है लोकविचार आमजन की समस्याओं को समाज के बीच रखता है-लोकविचार