नशे में धुत डॉक्टर ने झोपड़ीनुमा घर में घुसेड़ दी कार, घर में सो रहा आदिवासी ग्रामीण हुआ घायल

शहपुरा। डिंडौरी जिले के शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मुड़की में जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे किनारे बरगांव की ओर से शहपुरा जा रही कार अनियंत्रित होकर झोपड़ीनुमा घर में जा घुसी। इस हादसे में घर के अंदर सो रहे आदिवासी ग्रामीण बबलू बनवासी घायल हो गया। जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शहपुरा ले जाया गया। यह घटना 12:30 दरमियानी रात की है। जहां शराब के नशे में धुत डॉक्टर अंकित वर्मा बरगांव की ओर से शहपुरा जा रहा था। मुड़की गांव में कार चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया और रोड संकेतक को तोड़ते हुए झोपड़ीनुमा घर में जा घुसा। इस हादसे में कार के दोनों एयरबैग तक खुल गए थे। ग्रामीणों ने बताया कि गनीमत रही कि डॉक्टर भी बाल-बाल बच गया। पीड़ित की पत्नी ने बताया कि हादसे के बाद नशेड़ी डॉक्टर पीड़ित आदिवासी ग्रामीण को आग लगाकर जलाने की धमकी भी देता रहा है।
पीड़ित आदिवासी ग्रामीण की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।