स्वीप प्लान के तहत नवरात्रि में आयोजित होंगे “नौ- दिन, नौ-दान” कार्यक्रम

डिंडोरी। लोकसभा निर्वाचन में शत प्रतिशत मतदान लक्ष्य प्राप्ति के लिए स्वीप गतिविधियों को प्रचारित करने के उद्देश्य से कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विकास मिश्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।आयोजित प्रेसवार्ता में कलेक्टर श्री मिश्रा ने बताया कि नवरात्रि के पावन अवसर पर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्वीप प्लान के तहत “नौ- दिन, नौ-दान” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा निर्वाचन में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए पशुपालन, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, एनयूएलएम, आयुष, नगर परिषद तथा समस्त विभागों के द्वारा नवरात्र के नौ दिनों तक अलग-अलग दान कार्यक्रम का आयोजन होगा। पहले दिन गौ आहार दान, दूसरे दिन रक्त दान, तीसरे दिन विद्यादान, चौथे दिन समयदान, पांचवे दिन अन्नदान, छठवें दिन श्रमदान, सातवें दिन आनंद दान, आंठवे दिन दवादान और नौंवे दिन दीपदान व महाआरती के साथ उक्त कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। उन्होंने मीडिया बंधुओं को संबोधित करते हुए कहा कि नवरात्र का पर्व भक्ति भावपूर्ण और हर्षोउल्लास का पर्व है। इस पर्व के साथ हमें लोकतंत्र का पर्व सामूहिक रूप से मनाना है, इसलिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विकास मिश्रा ने सभी जिलेवासियों से नौ दिन नौ दान कार्यक्रम में बढ़ चढ़कर भाग लेकर मत प्रतिशत बढ़ाने की अपील की है।