प्रदेश
बैगाचक में कोरोना से जंग के लिए टीम हुई रवाना…

एकता परिषद व मानव जीवन विकास समिति से शोभा तिवारी के नेतृत्व में सुकेश परस्ते व रामकुमार गांवो में पहुंच जागरूकता लाने का करेंगे प्रयास।

डिण्डोरी। जिले के बैगाचक इलाके में कोरोना संक्रमण से बचाव और टीकाकरण के लिये जागरूकता लाने के लिए एक विशेष दल पहुंच गया है। एकता परिषद व मानव जीवन विकास समिति से शोभा तिवारी के नेतृत्व में सुकेश परस्ते व रामकुमार गांवो में पहुंच जागरूकता लाने का प्रयास करेंगे।

फिलहाल आलम यह है कि कोरोना जांच और टीकाकरण का नाम लेते ही ग्रामीण भड़क जाते हैं और जांच दल को खरी खोटी सुना वापिस कर देते हैं, पिछले दिनों कलेक्टर रत्नाकर झा के साथ एकता परिषद के अनीष, शोभा तिवारी और सुकेश की मुलाकात हुई और बैगाचक के इलाके में जांच व टीकाकरण कार्य मे एकता परिषद ने सहयोग का आश्वासन दिया जिसके बाद समनापुर मे किल कोरोना के विशेष अभियान का शुभारंभ किया गया जिसमे स्वास्थ्य विभाग से बीएमओ डाक्टर चन्द्रशेखर धुर्वे ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अभियान कार्यक्रम मे डॉ जय श्री मरावी, बीई इन्दिरा सोनवानी एवं स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम ने भाग लिया । विभाग के द्वारा एक नर्स भारती भान्गरे को भेजा गया जो निरंतर इस दल के साथ रहकर गांव मे आवश्यक प्राथमिक दवाए देते हुए तत्काल टेस्ट कर अस्पताल पहुंचाने का कार्य करेंगी।

अभियान के पहले दिन ही दल को सफलता मिली है और जिन गांवों में स्वास्थ्य अमले को कोई सुनने को तैयार नही था वहां शोभा तिवारी के समन्वय से 3 गांवो के 120 से अधिक ग्रामीणों से संवाद किया गया जिसमें ग्रामीणों को दवाएं उपलब्ध कराई गई साथ ही संदिग्ध मरीजों के सैंपल भी लिए गए।
