प्रदेश
पीएम आवास योजना को लगाया चूना- रोजगार सहायक व ठेकेदार पर मामला दर्ज…


डिण्डोरी। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत आवासों में पंचायत के रोजगार सहायक की मिलीभगत से फर्जी जिओ टैग कर राशि आहरित कर रोजगार सहायक व ठेकेदार ने हितग्राहियों को चूना लगाया है, जनपद पंचायत द्वारा गठित समिति ने जांच उपरांत पाया कि ग्राम पंचायत पिपरिया अंतर्गत सेंदुरखार में हितग्राहियो के आवास ही डकार लिए गए हैं गलत तरीके से जियो टेग कर रोजगार सहायक अम्रतदास पड़वार ने महत्वाकांक्षी योजना के उद्देश्यों को क्षति पहुंचाई और ठेकेदार नेमीदास पड़वार को लाभ पहुंचाया। जांच दल के विजय धुर्वे ने थाना बजाग में लिखित शिकायत की जिसके बाद दोनों के विरुद्ध धारा 420, 34 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पांच आवासों में हुआ गबन
गौरतलब है कि सेंदुरखार में 5 आवासों में गबन और धोखाधड़ी की गई है, हैरत की बात तो यह है कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिये जिओ टैग की बाध्यता है और किश्त दर किश्त राशि डीबीटी के माध्यम से सीधे हितग्राहियो के खाते में अंतरित होती है बावजूद इसके शातिर तरीके से गरीब हितग्राहियो के साथ छल कर शासन की मंशा को पलीता लगाया जा रहा है।
नए सिरे से जांच की जरूरत
प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर एक बात तो तय है कि इस योजना पर भी गड़बड़ी की गुंजाइश है लिहाजा पूरे जिले में स्वीकृत आवास की भौतिक स्थिति की जांच जरूरी हो गई है हो सकता है कि पोर्टल में पूर्ण आवास वास्तविक स्थिति में अपूर्ण हों क्योंकि जिन हितग्राहियों को आवास स्वीकृत होते हैं उनमें अधिकांश को तो निर्माण का अनुभव ही नही रहता और इसी बात का फायदा ठेकेदार व पंचायत के जिम्मेदार उठा रहे हैं।

