प्रदेश
त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस दिख रही दो फाड़,सतह पर आई आपसी लड़ाई,प्रचार के दौरान कांग्रेस विधायक और जिलाध्यक्ष हुए आमने-सामने

बजाग। जिले में कांग्रेस की गुटबाजी का जीता जागता नमूना बजाग में उस वक्त देखने को मिला जब अपने अपने गुट के प्रत्याशियों के प्रचार में एक दूसरे पर वार पलटवार किये, सड़क पर कांग्रेस की अंदरूनी कलह देख हर कोई मजे ले रहा था भले ही यह चुनाव दलगत न हो पर बजाग हुए प्रचार ने कांग्रेस के अंदर की कलह को उजागर किया है जिला पंचायत के क्षेत्र क्र05 में जहाँ कांग्रेस का जिला संगठन हीरा रुदेश परस्ते के पक्ष में प्रचार करता नजर आया वही विधायक और ब्लॉक् कांग्रेस का खेमा वृन्दा परस्ते के पक्ष में खड़ा रहा। पंचायती चुनाव में सतह पर कांग्रेस की लड़ाई पर सभी चुटकी ली रहे हैं।
त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव के अंतिम चरण की वोटिंग 8 जुलाई को बजाग – करंजिया – समनापुर में होना है जिसमें जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी अपने अपने स्तर पर वोटरों को रिझाने के लिए कड़ी मशक्कत कर रहे हैं। जिला पंचायत सदस्य हेतु जिला पंचायत सदस्य क्रमांक 05 में तीन प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं जहां कांग्रेस समर्थित दोनों प्रत्याशी वृंदा परस्ते और हीरा रूदेश परस्ते के बीच आपसी टकराव देखने को मिल रहा है हालांकि बीजेपी समर्थित प्रत्याशी ललिता धुर्वे भी चुनावी मैदान में है।

गुरुवार को तहसील मुख्यालय बजाग में बाजार का दिन होने के चलते दोनों ही प्रत्याशी हर स्तर पर मेहनत कर रहे हैं जिसमें दोनों ही प्रत्याशी ने चुनावी सभा कर कांग्रेसी वोटरों को रिझाने की जमकर कोशिश की। वहीं दोनों ही प्रत्याशियों के समर्थक नेता भी खुलकर एक दूसरे पर आरोप लगाते नजर आए। पहले सभा में वृंदा परस्ते के समर्थन में हुई जिसमें युवा कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष दीपचंद पुषाम अपने समर्थकों के साथ वृंदा परस्ते के समर्थन में वोट मांगते नजर आए। इसी सभा में ब्लाक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लोकेश पटेरिया ने रूदेश परस्ते पर जमकर निशाना साधते हुए भाजपा का एजेंट बताया, विधायक ओमकार मरकाम ने वृन्दा परस्ते के पक्ष में रैली और सभा की वहीं दूसरी ओर डिंडोरी जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला हीरा परस्ते के समर्थन में विधायक पर निशाना साधते दिखे। दरअसल क्षेत्र क्रमांक 05 में ब्लॉक काँग्रेसकमेटी बजाग और समनापुर ने वृन्दा परस्ते को अधिकृत प्रत्याशी बनाया है। जबकि जिला काँग्रेस हीरा परस्ते के समर्थन में हैं। वृन्दा परस्ते के कार्यक्रम में मंच पर बड़ी संख्या में स्थानीय नेता और पदाधिकारी विधायक के साथ खड़े दिखे वहीं दूसरी ओर हीरा परस्ते के मंच पर संबोधित करने वालों में शानित रजक, प्रदेश प्रतिनिधि रमेश राजपाल , गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के दान सिंह धुर्वे, अमेरिका श्याम और भाजपा के ऋषिराम परस्ते,शामिल रहे जबकि बड़ी संख्या में गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेता नजर आए।
जिलाध्यक्ष और प्रदेश प्रतिनिधि ने विधायक को बनाया निशाना – आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष शुक्ला और प्रदेश प्रतिनिधि रमेश राजपाल विधायक पर निशाना साधते नजर आए । जिलाध्यक्ष ने कहा कि कुछ लोग यहां अपने भाई को ठेकेदार बनाने आये हैं। सेवा करने नहीं, गौरतलब है कि विधायक ओमकार मरकाम के भाई रामकृपाल मरकाम क्षेत्र क्रमांक 06 से जिला पंचायत का चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं प्रदेश प्रतिनिधि रमेश राजपाल ने अपने ही विधायक पर निशाना साधते हुए कहा की विधायक ने क्षेत्र में कोई विकास नही किया है। हम आपकी समस्या का हल करेंगे।

ब्लॉकध्यक्ष ने बताया रूदेश परस्ते को भाजपा का एजेंट- इससे पहले वृन्दा परस्ते के पक्ष में सभा को संबोधित करते हुऐ लोकेश पटेरिया ने रूदेश परस्ते को भाजपा का एजेंट बताया उन्होंने कहा कि हीरा परस्ते भाजपा के पैसे चुनाव में उड़ा रही हैं बर्तन और खेल सामग्री बांटी जा रही है। उनके पति 8 साल जनपद पंचायत अध्यक्ष रहे। किसी कार्यकर्ता की दुख तकलीफ में शामिल नही हुए न ही उन्होंने किसी की समस्या का हल किया भाजपा के कार्यक्रम में लगातार शामिल होते हैं और फोटो खिंचाते हैं और कहते हैं कि मैं काँग्रेसी हूं। वहीं दूसरी ओर रूदेश परस्ते ने भी लोकेश पटेरिया पर निशाना साधते हुए बस्ती विकास योजना अंतर्गत बनाई गई सड़कों की बात बताने तथा ठेकेदारी कर फायदे कमाने की बात कही।
