बांध मरम्मत की मांग को लेकर कृषकों ने जल संसाधन विभाग में डाला डेरा

डिंडोरी। जिले के पडरिया, धलौनी, मारगाँव, भर्सटोला, पोंडी के कृषकों ने आज जल संसाधन विभाग के सामने धरना दे दिया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे किसान विभाग की बेरुखी से परेशान हैं। कृषकों के अनुसार ग्राम पड़रिया 3 जलाशय विकास खण्ड समनापुर तीन वर्षों से फूटा हुआ है जिसे जलसंसाधन द्वारा आज तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी ध्यान नहीं दिया जा रहा है पड़रिया जलाशय फूट जाने से 4 ग्राम पडरिया, धलौनी, मारगाँव, भर्राटोला, पोंडी के कृषकों को अत्याधिक प्रभावित होना पड रहा है इस संबंध में विभाग को अनेको बार आवेदन दे चुके हैं परन्तु ध्यान नहीं दिया जा रहा है बांध के टूटने से चारो ग्राम के कृषक को दोनों फसली लेने में असुविधा हो रही है तथा कृषि न कर पाने से ग्राम के लोग पलायन जाने को मजबूर हो गये है। पडरिया जलाशय कार्य 15 दिवस के अंदर कार्य चालू नहीं किया गया तो चारों ग्राम के कृषक मजबूरन पडरिया में चक्का जाम आंदोलन करने को बाध्य हो जायेगें। इसके सम्पूर्ण जवाबदारी शासन प्रशासन की होगी।
कृषकों का नेतृत्व कर रहे गणेशदास सोनवानी ने कहा कि अगर 15 दिन में काम नहीं होता तो वह सड़कों पर उतर जाएंगे।
कार्यपालन यंत्री अमरदीप त्रिपाठी ने किसानों को बताया कि बांध की स्लूज टूट जाने के कारण यह समस्या आ रही है, उनके पास मात्र 20 लाख तक के कार्य करने के पावर हैं लेकिन बांध में खर्चा अधिक है, जिसके लिए हम प्रयास कर रहे हैं। अमरदीप त्रिपाठी ने आश्वस्त किया कि गर्मी के मौसम में बांध का काम पूरा कर दिया जाएगा। टेंडर आदि की प्रक्रिया में समय लगता है जो अतिरिक्त राशि लगेगी उसकी मांग शासन से की जाएगी।
