जिपं सदस्य ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने विकास यात्रा कार्यक्रम को संबोधित किया..विकास-यात्रा कार्यक्रम में हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया

डिंडौरी जिले की विधानसभा क्षेत्र डिंडौरी में सोमवार को ’’विकास यात्रा’’ का शुभारंभ ग्राम पंचायत छांटा से हुआ। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे ने विकास यात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व केबीनेट मंत्री श्री ओमप्रकाश धुर्वे, पूर्व विधायक श्री दुलीचंद उरैती, एसडीएम डिंडौरी श्री बलवीर रमण, प्रभारी उपसंचालक पंचायत एवं सामाजिक न्याय विभाग श्री श्याम सिंगौर, नायब तहसीलदार समनापुर श्री राजाराम कोल, श्री महेश धूमकेती सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और आमजन मौजूद थे। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने विकास-यात्रा में प्रदेश शासन की योजनाओं और उपलब्धियों के बारे में लोगो को जानकारी दी। उन्होंने हितग्राहियों को स्वच्छ भारत मिशन योजना, राशन पात्रता पर्ची, आहार अनुदान योजना, राजस्व विभाग के प्रकरण, आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, लाड़ली लक्ष्मी योजना और वृद्वा पेंशन के स्वीकृति पत्र सहित शासन की विभिन्न योजनाओं से हितग्राहियों को लाभांवित किया।
ग्राम छांटा में कार्यक्रम संपंन्न होने के बाद विकास यात्रा ग्राम सरई के लिए प्रस्थान की। जिपं सदस्य श्रीमती ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने विकास यात्रा की अगुवाई की। उन्होंने ग्राम सरई में मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विकास यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विकास यात्रा कार्यक्रम में ग्राम सरई के ग्रामीणों ने गांव में पेयजल समस्या के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि गांव में गर्मी के मौसम में पेयजल समस्या होती है। लोगों को पेयजल और निस्तार के पानी के लिए दूर-दूर तक जाना पड़ता है। अधिकांश हैण्डपंप बंद हो जाते हैं। अतः गांव की पेयजल समस्या को दूर किया जाए। जिपं सदस्य श्रीमती ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने पीएचई विभाग के अधिकारियों को पेयजल समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। जिससे ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में पेयजल और निस्तार के लिए भरपूर पानी मिले, लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई न हो।
ग्राम सरई में ग्रामीणों ने मांग की है कि शासकीय हॉयर सेकेण्डरी स्कूल सरई तक पहुंच मार्ग नहीं है। जिससे छात्र-छात्राओं, शिक्षक और अभिभावकों को परेशानी होती है। ग्रामीणों ने शासकीय हॉयर सेकेण्डरी स्कूल सरई के लिए पहुंच मार्ग बनाने की मांग की। जिपं. सदस्य श्रीमती ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने शासकीय हॉयर सेकेण्डरी स्कूल सरई तक पहुंच मार्ग बनाने के निर्देश दिए। जिपं. सदस्य श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे ने ग्राम सरई के नागरिकों के लिए नाला में घाट निर्माण कराने की बात कही। जिससे गांव के नागरिकों को निस्तार करने में सुविधा हो। उन्होंने विकास-यात्रा में बिजली बचाओ, जल संरक्षण, बेटी पढाओ-बेटी बचाओ, नशामुक्ति, और स्वच्छता के संदेश के बारे मे लोगो को बताया।
जिपं. सदस्य श्रीमती ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने बताया कि सरकार के द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना से हितग्राहियों के लिए पक्के आवास भवन बनाये जा रहे हैं। अब हर गरीब परिवार भी पक्के आवास भवन में रहने लगा है। उन्होंने बताया कि गांव में पहले जहां कच्चे मकान दिखाई देते थे, अब प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के मकान बन गए हैं। ग्राम पंचायतों में सीसी रोड का निर्माण किया गया है। जिससे पंचायतों की गलियां कीचड़मुक्त हो गई हैं। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से हितग्राहियों को निःशुल्क गैस चूल्हा का वितरण किया गया है। इससे गरीबों के घर अब धुआंरहित हो चुके हैं। जिपं सदस्य श्रीमती ज्योतिप्रकाश धुर्वे ने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत घर-घर तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाया जाएगा। इससे ग्रामीणों को अब पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने ग्रामीणों को लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाड़ली बहना योजना के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लाड़ली लक्ष्मी योजना और लाड़ली बहना योजना से महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त व सबल बना रही है। विधानसभा क्षेत्र डिंडौरी में विकास-यात्रा ग्राम छाटा से प्रारम्भ होकर सरई, देवलपुर, कोकोमटा होते हुए नानडिंडौरी का तक जायेगी। विकास-यात्रा का रात्रि विश्राम ग्राम नानडिंडौरी में संपन्न होगा।