प्रदेश
टेलीफोन बंद होने से जिले वासियों को हो रही असुविधा

- महत्वपूर्ण विभागों के बंद टेलीफोन नंबर को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर कार्यालय में सौंपा ज्ञापन
- डिण्डौरी। जिले के महत्वपूर्ण विभागों के बंद टेलीफोन नंबरों के कारण नगर वासियों, एवं जिला वासियों को छोटी-छोटी समस्याओं को हल कराने के लिए भारी असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। डिंडोरी जिले के महत्वपूर्ण विभागों के बंद टेलीफोन नंबरो के कारण जिले वासियों को हो रही असुविधा एवं समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला, जिला उपाध्यक्ष आलोक शर्मा, जिला महामंत्री अकील अहमद सिद्धकी, जिला संगठन मंत्री गिरवर सिंह मालवे, कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश संयुक्त सचिव सुरेंद्र सरैया, कपूर सिंह बनवासी, मत्तै सिंह ने अनुविभागीय दंडाधिकारी महेश मंडलोई को जिला कलेक्टर कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र बिहारी शुक्ला ने बताया कि हमारा जिला आदिवासी बाहुल्य जिला है, नगरीय क्षेत्र के निवासीयो, और ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों को महत्वपूर्ण विभागों के बंद टेलीफोन नंबरों के कारण असुविधाओं का सामना करना पड़ता है। जिले के महत्वपूर्ण विभाग पुलिस विभाग, मध्य प्रदेश विद्युत वितरण केंद्र, जिला कलेक्टर एवं अन्य विभागों के टेलीफोन नंबर बंद रहने के कारण नगरवासी एवं ग्रामवासी अपनी समस्याओं को अवगत नहीं करा पा रहे, संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क नहीं होने के कारण उनके क्षेत्रों की समस्याओं का निदान नहीं हो रहा और छोटे-छोटे कामों के लिए डिंडोरी जिला मुख्यालय मे आना पड़ रहा है, जिससे आने जाने में असुविधा एवं आर्थिक नुकसान भी ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को उठाना पड़ रहा है। संबंधित विभागों के अधिकारियों के पास मोबाइल नंबर तो है लेकिन आम नागरिकों के पास विभागों के अधिकारियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध नहीं है, और यदि है भी तो कई बार महत्वपूर्ण आवश्यकताओं पर अधिकारियों के द्वारा मोबाइल नहीं उठाया जाता, जिस कारण ग्राम वासियों एवं नगर वासियों को संकटों का सामना करना पड़ जाता है। ज्ञापन के माध्यम से शीघ्र सभी विभाग प्रमुखों के टेलीफोन नंबरों को दुरुस्त कराने का निवेदन किया गया है।
